कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बगड़ो गांव में मंगलवार शाम 16 वर्षीय छात्रा चांदनी कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह बैद्यनाथ राणा की बेटी थी। घटना के समय छात्रा के परिजन एक शादी समारोह के लिए खरीदारी करने बाजार गए हुए थे। जब वे घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि छत पर स्थित कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज लगाने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर छात्रा फंदे से लटकी हुई मिली। उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। छात्रा की मां मंजू देवी ने बताया कि चांदनी का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंजू देवी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले युवक के परिजन उनके घर आए थे। उन्होंने चांदनी को डांटा और भविष्य में उनके बेटे से कोई संपर्क न रखने की चेतावनी दी थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मंगलवार को जब वे बाजार गए थे, उसी दौरान युवक के परिजन घर आए और चांदनी की हत्या कर उसे फंदे से लटका दिया। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। परिजनों ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया है।


