बांग्लादेश में बुधवार को एक यात्री बस पद्मा नदी में गिर गई। हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग लापता हैं। बस में करीब 40 लोग सवार थे। हादसा राजबाड़ी जिले में दाउलादिया टर्मिनल पर हुआ। बस फेरी पर चढ़ रही थी। इसी दौरान एक छोटी फेरी ने पोंटून को टक्कर मार दी। टर्मिनल सुपरवाइजर मोनिर हुसैन के मुताबिक, टक्कर के बाद ड्राइवर का कंट्रोल छूट गया और बस सीधे नदी में जा गिरी। बांगलादेश में बस और गाड़िया नदी पार कराने के लिए फेरी का इस्तेमाल किया जाता है। ये बड़ी नाव या जहाज की तरह होती है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली और हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। 6 घंटे के बाद बस निकाला गया रेस्क्यू टीम ने ‘हमजा’ नाम के जहाज की मदद से करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद आधी रात को बस को बाहर निकाला। बस के अंदर से 14 शव मिले, जबकि गोताखोरों ने पहले ही दो महिलाओं के शव बरामद कर लिए थे। फायर सर्विस और कोस्टगार्ड के गोताखोर सेना और पुलिस की मदद से लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। पुलिस के मुताबिक, करीब 11 यात्री तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे या उन्हें बचा लिया गया। ईद के बाद ढाका लौट रहे थे लोग अधिकारियों ने बताया कि बस ढाका जा रही थी। इसमें सवार कई यात्री ईद की छुट्टियां खत्म कर राजधानी लौट रहे थे, जिनमें बच्चे भी शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में सवार कई लोग एक ही परिवार के थे। कुछ लोग बाहर खड़े होने की वजह से बच गए, जबकि उनके परिजन बस के अंदर फंसे रह गए। ————-
बांग्लादेश में बस नदी में गिरी, 16 की मौत:40 लोग सवार थे, 11 की जान बची; फेरी पर चढ़ते वक्त हुआ हादसा


