अलवर. रामगढ़. ईरान-इजराइल युद्ध के बाद लगातार गैस संकट बना हुआ है। उसी का लाभ कुछ डीलर उठा रहे हैं। रामगढ़ क्षेत्र के धनखेड़ा में बुधवार की सुबह रसद विभाग ने 150 अवैध गैस सिलेंडर पकड़े, जिसका कोई भी रिकॉर्ड मौके पर नहीं मिला। लाइसेंस से लेकर कई अन्य खामियां मिलीं। सभी सिलेंडर विभाग ने जब्त कर लिए हैं और अब रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी है।
धनखेड़ा में गो ग्रीन गैस के एक डीलर हैं। वह इंडस्ट्री व अन्य कार्यों के लिए सिलेंडर सप्लाई करते हैं। रसद विभाग को सूचना मिली कि 150 सिलेंडर अवैध रूप से एकत्रित करके कहीं ले जाए जा रहे हैं। इनकी कालाबाजारी भी हो सकती है। इसे लेकर डीएसओ विनोद जुनेजा के नेतृत्व में उनकी टीम धनखेड़ा पहुंची और पिकअप गाड़ी में रखे सभी 150 सिलेंडर जब्त किए। डीएसओ ने दस्तावेज चेक किए तो डीलर विस्फोटक लाइसेंस नहीं दिखा पाए। इसके अलावा किसी भी गैस सिलेंडर की बिलिंग नहीं पाई गई। रिकॉर्ड भी संधारित नहीं पाया गया। यह सभी सिलेंडर 19 किलो के थे। रसद विभाग की टीम ने इन्हें जब्त कर जांच शुरू कर दी है। डीलर पर भी रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। कार्रवाई टीम में प्रवर्तन अधिकारी रणधीर सिंह, बनवारी लाल शर्मा, अशोक शर्मा, अमित यादव, केके बायला शामिल थे।
सिलेंडर के लिए शहर में लगी 1 किमी लंबी लाइनेंरसोई गैस सिलेंडर के लिए बुधवार को एजेंसियों के बाहर 1 किमी लंबी लाइनें लगी रहीं। एनईबी की प्रसन्न गैस एजेंसी के बाहर लोग सुबह सात बजे से ही आना शुरू हो गया, दोपहर तक उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लग गईं। दिनभर यहां ग्राहकों की भीड़ रही। इसी तरह मालवीय नगर एजेंसी पर 1 किमी लंबी लाइनें लग गईं। यहां कुछ ग्राहकों ने बताया कि उनकी बुकिंग गायब हो गई। कुछ ने कहा कि बुकिंग के बाद भी चार दिन से सिलेंडर नहीं मिल रहा। घर-घर पहुंचाने का रसद विभाग ने दावा किया था, लेकिन एजेंसी पर आकर भी सिलेंडर नहीं मिल रहे। उन्होंने कहा, लोग दिनभर परेशान हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।–
रामगढ़ के धनखेड़ा में 150 अवैध गैस सिलेंडर पकड़कर जब्त किए हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, गैस का हमारे पास पर्याप्त स्टॉक है। कमर्शियल गैस सिलेंडर्स की सप्लाई शुरू हो गई है।– विनोद जुनेजा, डीएसओ


