सिंगरौली जिले के सासन क्षेत्र में रेल पटरी चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने एनटीपीसी रिहंद नगर क्षेत्र से करीब 150 फीट लोहे की पटरी चुरा ली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चोरी की गई पटरी बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, एनटीपीसी रिहंद नगर क्षेत्र की रेल लाइन से कटी हुई 19 नग लोहे की पटरी बरामद की गई है, जिसकी कुल लंबाई लगभग 150 फीट है। चोरों ने गैस कटर की मदद से पटरी को पांच-पांच फीट के टुकड़ों में काटा था। वारदात में इस्तेमाल किया गया एक गैस सिलेंडर भी जब्त किया गया है। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। पटरी चोरी की रिपोर्ट पर केस दर्ज, जांच शुरू इस मामले की जांच के लिए थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह परिहार और चौकी सासन प्रभारी उप निरीक्षक संदीप यादव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि गुरुवार को अशोक कुमार शर्मा, निवासी ग्राम नौन और सिक्योरिटी एजेंसी एनटीपीसी रिहंद नगर के प्रतिनिधि ने रेल पटरी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 07/26, धारा 305(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर रेल पटरी चोर गिरफ्तार पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी हनीफ खान (21), पिता नसीर अली, निवासी मेढ़ौली को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई रेल पटरी और गैस सिलेंडर बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि इस चोरी में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि रेल संपत्ति से जुड़ी चोरी या तोड़फोड़ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


