शहर के फुब्बारा दवा मार्केट में रविवार शाम औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 15 टीमों ने छापेमारी की। इस दौरान थोक दवा कारोबारियों के यहां जांच कर खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड खंगाला गया और संदिग्ध दवाओं के सैंपल भी लिए गए। कार्रवाई का नेतृत्व सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय ने किया। उनके साथ कई जिलों के ड्रग इंस्पेक्टरों की टीमें शामिल रहीं। सबसे पहले टीम माहेश्वरी मार्केट पहुंची, जहां कई दवा दुकानों और गोदामों की जांच की गई। अधिकारियों ने स्टॉक, बिलिंग और दवाओं की गुणवत्ता से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। इसके बाद टीमों ने फुब्बारा दवा बाजार के अन्य हिस्सों में भी छापेमारी की और हींग की मंडी क्षेत्र में भी जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने संदिग्ध दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। औषधि विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई दवाओं की गुणवत्ता और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए की जा रही है। जांच के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम की कार्रवाई देर रात तक जारी रही, जिससे दवा बाजार में हड़कंप की स्थिति बनी रही।


