आगर मालवा जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एमडी ड्रग्स सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ौद की ओर से एक सिल्वर रंग की बलेनो कार में दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर आगर आ रहे हैं। इस सूचना के आधार पर आगर-बड़ौद रोड स्थित न्यू मेघदूत ढाबा के सामने नाकाबंदी की गई। संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक आरोपी के कब्जे से 148 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। नारकोटिक्स टेस्ट किट से पदार्थ की प्राथमिक पुष्टि की गई। इसके अतिरिक्त, वाहन और आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नरेंद्र सिंह सोंधिया और प्रधान सिंह सोंधिया के रूप में हुई है, जो दोनों जयसिंहपुरा, थाना बड़ौद के निवासी हैं। जब्त की गई सामग्री, जिसमें ड्रग्स, कार और मोबाइल फोन शामिल हैं, की कुल अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख 30 हजार रुपए बताई जा रही है।


