राजीव भवन में कांग्रेस का 141वां स्थापना दिवस:भूपेश बघेल ने कहा- स्वतंत्रता आंदोलन में कांग्रेस थी भारत के जनमानस की आवाज

राजीव भवन में कांग्रेस का 141वां स्थापना दिवस:भूपेश बघेल ने कहा- स्वतंत्रता आंदोलन में कांग्रेस थी भारत के जनमानस की आवाज

कांग्रेस का 141वां स्थापना दिवस रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा पार्टी ध्वज फहराने से हुई। सेवादल के जवानों ने सलामी दी। इसके बाद आजादी की लड़ाई से लेकर देश के नवनिर्माण तक कांग्रेस की भूमिका पर संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा और राजेंद्र तिवारी ने कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान पर अपने विचार रखे। स्वागत भाषण शहर जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने दिया, जबकि आभार ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने जताया। संचालन महामंत्री सुबोध हरितवाल ने किया। हर गांव में मिलेगा कांग्रेस का कार्यकर्ता-दीपक बैज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस ने 140 साल का सफर पूरा कर लिया है और आज भी देश का इकलौता ऐसा राजनीतिक दल है, जिसका कार्यकर्ता उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक हर गांव में मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर दौर की जरूरत के अनुसार अपनी प्राथमिकताएं तय कीं। आजादी से पहले स्वतंत्रता आंदोलन और आजादी के बाद संविधान निर्माण, गणतंत्र की स्थापना और राष्ट्र निर्माण कांग्रेस की बड़ी उपलब्धियां हैं। दीपक बैज ने कहा कि नेहरू युग में पंचशील और गुटनिरपेक्षता की नीति बनी, शास्त्री जी के समय ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा दिया गया। इंदिरा गांधी के दौर में हरित क्रांति, अंतरिक्ष और परमाणु कार्यक्रम आगे बढ़े। राजीव गांधी ने देश को आईटी और कंप्यूटर क्रांति से जोड़ा और युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ा। मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के नेतृत्व में मनरेगा, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा का अधिकार और सूचना का अधिकार जैसे कानून बने, जिसने आम आदमी का जीवन बदला। कांग्रेस ने पूरे भारत का नेतृत्व किया-भूपेश बघेल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस इसलिए सफल हुई क्योंकि उसने लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ आजादी की लड़ाई लड़ी। कांग्रेस किसी एक वर्ग की नहीं, पूरे देश की प्रतिनिधि थी। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन के दौरान कांग्रेस भारत के जनमानस का आईना थी। पूरे देश ने कांग्रेस का साथ दिया, जबकि साम्प्रदायिक और अंग्रेजों के प्रति निष्ठा रखने वाले संगठन कांग्रेस के विरोध में थे। भूपेश बघेल ने यह भी कहा कि गांधी और नेहरू के नेतृत्व में कांग्रेस ने वैचारिक मतभेदों का सम्मान किया और अहिंसक आंदोलन के जरिए दुनिया का सबसे बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया। बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता रहे मौजूद कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, अमितेश शुक्ल, संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महेंद्र छाबड़ा, डॉ. राकेश गुप्ता, अरुण ताम्रकार, सकलेन कामदार, दीपक मिश्रा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने संकल्प लिया कि पार्टी अपने मूल विचारों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ते हुए संगठन को फिर से मजबूत करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *