गुरदासपुर जिले में बटाला के सुंदर नगर इलाके में एक किशोरी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिस को शक है कि बच्ची की हत्या उसकी मां या सौतेले पिता ने की हो सकती है। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। बटाला सिविल लाइन थाने के प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि 14 साल की एक किशोरी, जिसका नाम मिष्टी है, की मौत हो गई है। मिष्टी मूल रूप से पठानकोट की रहने वाली थी और अपनी मां की दूसरी शादी के बाद बटाला में मां और सौतेले पिता के साथ रह रही थी। किशोरी की मां ने की दो शादी पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें पता चला कि मिष्टी की मां की दो शादियां हुई थीं और बच्ची छठी कक्षा में पढ़ती थी। मृतक किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए बटाला सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
मृतक के गले में मिले चोट के निशान पुलिस जब घर पहुंची तो केवल बच्ची की मां परवीन ही मौजूद थी। मां का कहना है कि वह घर से बाहर गई थी और जब लौटी तो बेटी का शव कमरे में पड़ा मिला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के गले पर चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के सही कारणों का पता चल पाएगा।


