14 साल की बच्ची ने दिया बेटी को जन्म, रेप…वीडियो और ब्लैकमेलिंग का हुई शिकार

14 साल की बच्ची ने दिया बेटी को जन्म, रेप…वीडियो और ब्लैकमेलिंग का हुई शिकार

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र से नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने 14 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार शोषण करता रहा। पीड़िता ने हाल ही में एक निजी अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया, जिसके बाद मामला उजागर हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल

सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता के अनुसार, जयंतीपुर चौकी क्षेत्र निवासी पीड़िता के पिता ने तहरीर देकर पड़ोसी सरताज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, करीब एक साल पहले आरोपी ने किशोरी को मीठी बातों में फंसाया और दुष्कर्म कर उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे डराता-धमकाता रहा। इसी दौरान किशोरी गर्भवती हो गई।

परिवार को गर्भावस्था की जानकारी नहीं हो सकी। बताया गया कि किशोरी एनीमिया से पीड़ित थी, जिससे उसके शारीरिक बदलावों पर ध्यान नहीं जा सका। डर और धमकी के कारण वह किसी से कुछ कह भी नहीं पाई।

तेज पेट दर्द के बाद खुला राज

कुछ दिन पहले पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए। जांच के दौरान गर्भावस्था का पता चला तो परिवार स्तब्ध रह गया। किशोरी से पूछताछ में पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आई। जब परिवार ने आरोपी से बात की, तो उसने उल्टा धमकाना शुरू कर दिया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

बच्ची के जन्म के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

सोमवार को प्रसव पीड़ा होने पर किशोरी को दिल्ली रोड स्थित पाकबड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी सरताज के खिलाफ दुष्कर्म, आपराधिक धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। अपराध निरीक्षक जयप्रकाश सिंह की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *