बाराबंकी में 13 साल के छात्र का अपहरण:एसआईआर फार्म के बहाने ले गए, चंगुल से निकलकर भागा, एक आरोपी हिरासत में

बाराबंकी में 13 साल के छात्र का अपहरण:एसआईआर फार्म के बहाने ले गए, चंगुल से निकलकर भागा, एक आरोपी हिरासत में

हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक 13 वर्षीय छात्र का अपहरण कर उसे बंधक बना लिया गया। एसआईआर फार्म भरवाने के बहाने हुई इस घटना में छात्र की सूझबूझ से उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, थाना शिवरतनगंज, जनपद अमेठी के बैसनपुरवा गांव निवासी राजेश कुमार पांडेय के 13 वर्षीय पुत्र कार्तिक कक्षा 8 का छात्र है। कार्तिक के माता-पिता दिल्ली में निजी नौकरी करते हैं। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कार्तिक एसआईआर फार्म भरवाने के लिए गांव के बाहर स्थित बारात घर गया था। बारात घर पर मौजूद कुछ युवकों ने कार्तिक को बताया कि फार्म खत्म हो गए हैं और वे हैदरगढ़ में मिलेंगे। इसी बहाने वे कार्तिक को एक चार पहिया वाहन में बैठाकर बारा टोल प्लाजा के पास स्थित एक अर्धनिर्मित भवन में ले गए। वहां उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। अनहोनी की आशंका होने पर कार्तिक किसी तरह कमरे से बाहर निकला। वह छत से नीचे कूदकर पास के एक होटल पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया। हालांकि, उसके अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। देर रात पीड़ित के परिजन भी कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लिया गया है। पूरे घटनाक्रम की गहनता से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *