दतिया में बुधवार रात कहीं तेज तो कहीं बूंदबांदी हुई। देर रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला गुरुवार सुबह तक चलता रहा। एयरपोर्ट मौसम केंद्र के अनुसार रातभर में 13 मिलीमीटर दर्ज हुई। किसानों का कहना है कि बूंदाबांदी से पकने में आए गेहूं की फसल को फायदा हुआ है। हालांकि दूसरी पक चुकी फसलों को इससे नुकसान पहुंचेगा। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि चना, सरसों और सब्जी जैसी अन्य फसलों में अधिक नमी के कारण आंशिक नुकसान की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 20 फरवरी के बाद यह सिस्टम आगे बढ़ जाएगा, जिससे आसमान साफ होने और तेज धूप निकलने की संभावना है। 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यह 25.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। रात में बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री बढ़कर 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है। दतिया में तीन, सेवढ़ा में चार मिमी बारिश राजस्व विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार दतिया में 3 मिमी, सेवढ़ा में 4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि इंदरगढ़ और भांडेर में बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की थी, लेकिन जिले में कहीं से भी ओले गिरने की सूचना सामने नहीं आई है। हल्की बारिश और बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। अस्पतालों की ओपीडी में बच्चों और बुजुर्गों में सर्दी, खांसी, बुखार तथा वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ी है। डॉक्टरों ने मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए सावधानी बरतने और ठंड-गर्मी से बचाव करने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।


