सीधी के रामपुर नैकिन तहसील स्थित बघवार धान खरीदी केंद्र में बुधवार को प्रशासनिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। तहसीलदार आशीष मिश्रा और नायब तहसीलदार महेंद्र द्विवेदी के औचक निरीक्षण में धान खरीदी प्रक्रिया में बड़ी लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ। प्रशासन ने धान से भरे दो ट्रैक्टरों को किया जब्त निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र परिसर में दो ट्रैक्टर खड़े मिले, जिनमें भारी मात्रा में धान लदी हुई थी। जांच में पता चला कि इन ट्रैक्टरों में रखे धान का कोई वैध रिकॉर्ड न तो किसानों के पास था और न ही समिति प्रबंधक के पास। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। 120 क्विंटल धान का नहीं मिला रिकॉर्ड इन दोनों ट्रैक्टरों में कुल 280 बोरी धान लदी थी, जिसका वजन लगभग 120 क्विंटल आंका गया है। जब्त किए गए धान और ट्रैक्टरों को फिलहाल समिति प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह की सुपुर्दगी में सौंपा गया है, ताकि जांच पूरी होने तक धान की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस मामले की जानकारी खाद्य विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है। समिति प्रबंधक पर अवैध गतिविधियों का आरोप स्थानीय ग्रामीण तेजभान लुनिया ने आरोप लगाया कि समिति प्रबंधक के इशारे पर लंबे समय से ऐसी गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने बताया कि जिन किसानों के नाम समिति की सूची में दर्ज नहीं हैं, उनसे भी धान खरीदकर उसे बाद में अवैध रूप से बेचा जाता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि ऐसी शिकायतें पहले भी प्रशासन को दी गई थीं, लेकिन इस बार ठोस कार्रवाई हुई है। तहसीलदार ने सख्त कार्रवाई की दी चेतावनी तहसीलदार आशीष मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच की गई। जांच में अनियमितता पाए जाने पर दोनों ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति धान खरीदी में अनैतिक या अवैध कार्य करते पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


