देवरिया में 12 पेटी अवैध शराब बरामद:पुलिस ने तस्कर को ऑटो समेत पकड़ा, होली को लेकर विशेष निगरानी

देवरिया में 12 पेटी अवैध शराब बरामद:पुलिस ने तस्कर को ऑटो समेत पकड़ा, होली को लेकर विशेष निगरानी

देवरिया जिले में होली के मद्देनजर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में खामपार थाना पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऑटो से 12 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की। पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। खामपार पुलिस टीम क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। सोमवार दोपहर खैराट पुल के पास वाहनों की जांच के दौरान एक तीन पहिया वाहन (ऑटो) संदिग्ध अवस्था में आता दिखा। पुलिस को देखकर चालक घबरा गया और ऑटो रोककर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। ऑटो (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 52AT 2060) की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 12 पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई। यह शराब “बंटी बबली” ब्रांड की बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर ऑटो को भी सीज कर दिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अखिलेश गोड़ पुत्र रामसनेही गोड़, निवासी लक्ष्मणपुर, थाना भाटपार रानी, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह यह शराब ऑटो में लादकर बिहार ले जा रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *