गिरफ्तारी के बाद बीमार पड़ा 12.87 करोड़ का बैंक घोटालेबाज, अब सहयोगी को ढूंढ रही CBI

गिरफ्तारी के बाद बीमार पड़ा 12.87 करोड़ का बैंक घोटालेबाज, अब सहयोगी को ढूंढ रही CBI

Bank Fraud : बैंकों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में सीबीआई की जबलपुर टीम ने मध्य प्रदेश के इंदौर से सोनी इस्पात लिमिटेड के डायरेक्टर राजीव लोचन सोनी को गिरफ्तार किया था। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने बीमारी का बहाना बनाकर खुद को अस्पताल में भर्ती करा लिया है, जिससे आरोपी की पूछताछ फिलहाल टल गई है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गिरफ्तारी के बाद जब सीबीआई टीम आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने ले गई, तभी उसने अस्वस्थता का हवाला दिया और अस्पताल में भर्ती हो गया। अब टीम उसके स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है, ताकि उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा सके।

फरार भाई की तलाश में CBI

राजीव की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम ने इंदौर में कई स्थानों पर छापेमारी की, ताकि उसके छोटे भाई विजय सोनी को भी गिरफ्तार किया जा सके। हालांकि, बड़े भाई की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही विजय सोनी कहीं फरार हो गया और उसने अपने फोन भी बंद कर लिए हैं।

फर्जी दस्तावेजों से लिया था लोन

जांच में सामने आया है कि, इंदौर के न्यू पलासिया (मनोरमागंज) इलाके में रहने वाले राजीव लोचन सोनी और उसके भाई विजय सोनी ने साल 2006 से 2011 के बीच एसबीआई की आरएनटी मार्ग स्थित शाखा से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कैश क्रेडिट लिमिट और लेटर ऑफ क्रेडिट जैसी बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लिया था।

बैंक से 12.87 करोड़ का फ्रॉड

लोन के रूप में प्राप्त राशि का उपयोग व्यापार के बजाय अन्य कार्यों में किया गया, जिससे बैंक को लगभग 12.87 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। बाद में संबंधित लोन खाते एनपीए हो गए।

2022 में दर्ज हुआ था मामला

इस मामले में साल 2022 में एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक अरविंद मिश्रा की शिकायत पर सीबीआई (एसीबी) जबलपुर ने राजीव लोचन सोनी, विजय सोनी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। सीबीआई अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे घोटाले की परतें खोलने की तैयारी में जुट गई है।

खास बातें

-इंदौर की सोनी इस्पात लिमिटेड के डायरेक्टर राजीव लोचन सोनी को जबलपुर की सीबीआई टीम ने गुरुवार को गिरफ्तार किया था।

-राजीव लोचन सोनी पर बैंकों से 12.87 करोड़ की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

-गिरफ्तारी के बाद आरोपी राजीव सोनी उस वक्त बीमार पड़ गया, जब सीबीआई की टीम उसे गिरफ्तारी के बाद मेडिकल कराने अस्पताल ले गई।

-अब बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती होने के चलते पुलिस राजीव से ठीक होने तक पूछताछ नहीं कर सकती।

-फिलहाल सीबीआई आरोपी के छोटे भाई और सहयोगी बिजय लोचन सोनी की तलाश में इंदौर के अलग अलग ठिकानों पर छापामारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *