ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी, की 11वीं बैठक सोमवार देर शाम को कमेटी ले लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन के सभागार में आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) उच्च न्यायालय इलाहाबाद अशोक कुमार ने की। बैठक में मंदिर की संरचनात्मक सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता, सुरक्षा व्यवस्था, दान पेटियों की स्थिति, संपत्तियों के संरक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सौंदर्यीकरण से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। भक्त ने दान की चांदी की देहरी साढ़े 3 घंटे तक चली मीटिंग के बाद कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) उच्च न्यायालय इलाहाबाद अशोक कुमार ने बताया कि एक भक्त ने भगवान बांके बिहारी जी के गर्भ गृह की देहरी चांदी की बनवा कर दी है। इसे 22 जनवरी को लगाया जायेगा और इसका पूजन 23 जनवरी को बसंत पंचमी पर किया जायेगा। उन्होंने बताया यह करीब 8 से 10 किलो चांदी से बनी है। इन मुद्दों पर हुई चर्चा मीटिंग में IIT रुड़की की रिपोर्ट, CSR योजनाओं से मिलने वाले सफाई उपकरण, लाइव स्ट्रीमिंग, सोलर लाइट,गोलक धनराशि, बैंक लॉकर, ऑडिट प्रगति व मंदिर कॉरिडोर पर चर्चा की गयी। बैठक में IIT रुड़की से प्राप्त आंतरिक स्ट्रक्चर सर्वे ऑडिट रिपोर्ट, देहरी पूजन व्यवस्था, राजस्थान कोटा से प्राप्त संपत्तियों की प्रगति, 357 वर्ग गज अर्द्ध निर्मित स्थल के निर्माण, निधिवन राज की सुरक्षा व्यवस्था ठेके पर देने सहित कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। इसके साथ ही गोलकों को खोलने की स्थिति व बैंकों में जमा धनराशि की समीक्षा पीली व सफेद धातु के मूल्यांकन एवं चार्टर्ड एकाउंटेंट द्वारा सूचीकरण,मंदिर ऑडिट कार्य की प्रगति रिपोर्ट पर भी मंथन हुआ। सिक्योरिटी कंपनी पर की जाएगी अनुशासनात्मक कार्रवाई मीटिंग में 2018 से GST/IGST जमा न करने वाली सिक्योरिटी कंपनी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्णय लिया गया । वरिष्ठ सहायक लेखाधिकारी की नियुक्ति के अलावा प्रमुख बैंकों के CSR मद से रेलिंग, दैनिक सफाई और सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने जैसे प्रस्तावों पर विचार किया गया। बैठक में मीडिया लाइव स्ट्रीमिंग की कार्ययोजना, मंदिर की अन्य संपत्तियों के सौंदर्यीकरण, ASI द्वारा बाहरी सौंदर्यीकरण कार्य, निधिवन राज स्थित ललिता कुंड सर्वे, ई-रिक्शा संचालन, मीठे पानी की पाइपलाइन और RO हेतु निर्बाध जलापूर्ति जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मंदिर की कराई जाएगी सफाई कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) उच्च न्यायालय इलाहाबाद अशोक कुमार ने बताया कि मंदिर की बड़े स्तर पर सफाई कराई जानी है। जिसको लेकर सर्वे कराया गया कि मंदिर में लगे पत्थर आदि को लेकर कोई समस्या तो नहीं होगी। रिपोर्ट मिल गयी है सर्दी में मॉयश्चर रहता है इसलिए एक दो महीने बाद बृहद स्तर पर सफाई कराई जाएगी। यह रहे मौजूद बैठक में सदस्य न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) मुकेश मिश्रा, सिविल जज श्रीमती शिप्रा दुबे, जिलाधिकारी और कमेटी सदस्य सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, MVDA उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन.जी., ASI आगरा की अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. स्मिता एस. कुमार सहित राजभोग व शयन भोग सेवायत समूह के प्रतिनिधि शैलेंद्र गोस्वामी श्री वर्धन गोस्वामी,दिनेश गोस्वामी और विजय कुमार गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।


