उत्तरायण पर इमरजेंसी: सिविल अस्पताल में 116 मरीज पहुंचे, कुछ गंभीर

उत्तरायण पर इमरजेंसी: सिविल अस्पताल में 116 मरीज पहुंचे, कुछ गंभीर

Ahmedabad: शहर के असारवा स्थित सिविल अस्पताल में उत्तरायण के दौरान बुधवार सुबह से गुरुवार सुबह तक कुल 116 मरीज इमरजेंसी स्थिति में ले जाए गए। इनमें पतंग की डोर से घायल, छत से गिरने वाले और सड़क हादसों में जख्मी लोग शामिल हैं।कुछ मरीजों को वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि पतंग की डोर से कुल 42 लोग घायल हुए। इनमें 25 मरीजों का इलाज ओपीडी में किया गया, जिनके चेहरे, नाक और हाथ-पैर पर छोटे कट लगे थे। 17 मरीजों को भर्ती करना पड़ा, इन मरीजों को अलग-अलग 37 जगहों पर टांके भी लेने पड़े हैं। पांच मरीजों के गर्दन पर बड़े टांके लगाने पड़े। घायलों में 29 पुरुष,पांच महिलाएं, पांच बालक और तीन बालिकाएं शामिल हैं।

डा. जोशी ने बताया कि उत्तरायण के इस पर्व के दौरान पतंग उड़ाते समयगिरने के कुल 24 मामले सामने आए। इनमें सात मरीजों का इलाज ओपीडी में हुआ, जबकि 17 को भर्ती करना पड़ा। इनमें से पांच को डिस्चार्ज कर दिया गया है, आठ की हालत स्थिर है, दो मरीज वेंटिलेटर पर और दो ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। चार मरीजों का ऑपरेशन करना पड़ा, इनमें दो न्यूरो और दो ऑर्थो विभाग के हैं। घायलों में 20 पुरुष, दो महिलाएं, एक बालक और एक बालिका हैं।

इसी तरह सड़क हादसों में कुल 50 लोग घायल होकर सिविल अस्पताल पहुंचे।। इनमें से 30 को डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि एक को मृत अवस्था में लाया गया। 20 मरीज भर्ती हैं, जिनमें पांच वेंटिलेटर पर, दो ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 13 की हालत स्थिर बताई गई है। घायलों में 43 पुरुष, एक महिला, पांच बालक और एक बालिका शामिल हैं।

उत्तरायण पर हादसों में घायल हुए 128 को मनपा अस्पतालों में पहुंचाया

अहमदाबाद शहर में पतंग की डोर के कारण जख्मी व पतंगबाजी के चलते उत्पन्न हादसों में घायल हुए कुल 128 लोगों को मनपा संचालित अस्पतालों में पहुंचाया गया। इनमें से 120 का इलाज ओपीडी में किया गया, जबकि आठ को भर्ती करना पड़ा।

मनपा के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मणिनगर में एल.जी. अस्पताल में सबसे अधिक 46 मरीज पहुंचे, जिनमें 40 का इलाज ओपीडी में और छह को भर्ती करना पड़ा।
सरसपुर स्थित शारदाबेन अस्पताल में 19 मरीज पहुंचाए गए, इनमें से 18 का उपचार ओपीडी के माध्यम से किया गया तथा एक को भर्ती करना पड़ा। नवरंगपुरा स्थित नगरी अस्पताल में आठ मरीज पहुंचे, इन सभी की आंख या आसपास कट लगे थे। इन सभी का उपचार ओपीडी के माध्यम से किया। आश्रम रोड पर वी.एस. अस्पताल में 23 मरीज आए, जिनमें 22 ओपीडी और एक भर्ती हुआ। इसके अलावा वटवा, स्थित कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (सीएचसी) में तीन गोमतीपुर सीएचसी में तीन व अन्य जगहों की सीएचसी में भी मरीजों को उपचार के लिए ले जाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *