ईरान में फंसे 110 भारतीय मेडिकल छात्र:कोटा का छात्र भी शामिल; सुरक्षित वापसी की लगाई गुहार

ईरान में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच वहां पढ़ाई कर रहे करीब 110 भारतीय मेडिकल छात्र फंस गए हैं। इनमें राजस्थान के कोटा निवासी एक एमबीबीएस छात्र भी शामिल है। ये सभी छात्र ईरान के वेस्ट अजरबैजान प्रांत स्थित उर्मिया यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज में पढ़ाई कर रहे हैं। छात्रों की सुरक्षा और उन्हें सुरक्षित भारत लाने की मांग को लेकर राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक चर्मेश शर्मा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को याचिका भेजी है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और विदेश सचिव को भी पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। इसके अलावा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से भी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई गई है। जानकारी के अनुसार कोटा निवासी माज हैदर समेत करीब 110 भारतीय छात्र उर्मिया यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। इन दिनों उनकी परीक्षाएं भी चल रही थीं। इसी दौरान अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद क्षेत्र में सैन्य तनाव बढ़ गया, जिससे हालात चिंताजनक हो गए हैं। छात्र माज हैदर के मामा जुनैद फारुखी ने बताया कि विश्वविद्यालय से कुछ किलोमीटर दूर विस्फोट की घटनाएं हुई हैं और लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। इससे छात्रों के परिजनों में काफी चिंता का माहौल है। उन्होंने बताया कि छात्रों के पास राशन सामग्री भी लगभग खत्म हो गई है और पैसों की भी दिक्कत सामने आ रही है। सुरक्षा कारणों से छात्र बाहर नहीं निकल पा रहे हैं और इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित बताई जा रही हैं। हालांकि सुबह मैसेज के जरिए छात्रों से बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने अपनी स्थिति के बारे में जानकारी दी। परिजनों ने भारत सरकार से अपील की है कि छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए जल्द से जल्द उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने की व्यवस्था की जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *