बाराबंकी जनपद के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र स्थित बसारी गांव में गुरुवार शाम 11 वर्षीय अनुष्का का शव गेहूं के खेत में मिला। अनुष्का दोपहर में अन्य बच्चों के साथ खेत में मेंथा की रोपाई करने गई थी।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रामू मौर्य की बेटी अनुष्का गुरुवार दोपहर गांव के कुछ बच्चों के साथ खेत में मेंथा रोपने गई थी। साथ गए चार बच्चों में से तीन घर लौट आए, लेकिन अनुष्का नहीं लौटी। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान शाम को गांव के बाहर गेहूं के खेत में उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर खाला पुलिस, क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय और अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद त्रिपाठी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि अन्य बच्चों के लौटने के बाद अनुष्का के साथ क्या हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मौत के कारणों का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही अनुष्का की मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।


