रोहतक जिले के कलानौर क्षेत्र के गरनावठी गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने स्कूल के प्रिंसिपल कार्यालय, कंप्यूटर लैब, ई-लैब और प्राइमरी कार्यालय के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता सुबह स्कूल खुलने पर चला। गरनावठी गांव स्थित स्कूल की प्राचार्या ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह सफाई कर्मचारी ने कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा देखा। इसकी जानकारी तुरंत स्कूल प्रशासन को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रिंसिपल कार्यालय से कंप्यूटर और दस्तावेज चोरी प्राथमिक जांच में सामने आया कि प्रिंसिपल कार्यालय से एक कंप्यूटर सेट, प्रिंटर-फोटोकॉपी मशीन चोरी हो गई। अलमारी में रखे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को निकालकर बिखेर दिया गया था। कुछ रजिस्टर और दस्तावेज भी गायब मिले। कंप्यूटर लैब से 11 नए कंप्यूटर और प्रोजेक्टर गायब कंप्यूटर लैब से 11 नए कंप्यूटर सेट (मॉनिटर, सीपीयू, की-बोर्ड और माउस), 8 पुराने सीपीयू, हार्ड डिस्क, एक प्रोजेक्टर, इलेक्ट्रिक बेल विद स्पीकर और प्रार्थना में उपयोग होने वाला बड़ा स्पीकर चोरी हो गया। चोरी गए उपकरणों की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी पुलिस ने स्कूल स्टाफ की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


