

1 राजस्थान एयर स्क्वाड्रन एनसीसी की 10वीं एलुमनाई मीट का भव्य आयोजन 18 जनवरी 2026 को गांधी नगर कॉम्प्लेक्स, जयपुर में किया गया। इस कार्यक्रम में वर्तमान एनसीसी कैडेट्स, पूर्व कैडेट्स, वरिष्ठ अधिकारियों एवं अनेक गणमान्य अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर वन राज एयर स्क्वाड्रन यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर श्री रॉबिन सबस्टिन जी तथा एनसीसी के पूर्व डीडीजी श्री सत्येंद्र शर्मा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में कई ऐसे पूर्व एनसीसी कैडेट भी शामिल हुए, जिनकी आयु 75 वर्ष से अधिक थी, जो एनसीसी से उनके आजीवन जुड़ाव और समर्पण को दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, गीत-संगीत एवं आपसी संवाद जैसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए गए। अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वर्तमान एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य एनसीसी परिवार के बीच आपसी जुड़ाव, सहयोग और प्रेरणा को मजबूत करना रहा।
आयोजन की सफलता के संबंध में कैलाशी नंद किशोर शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में इंद्र गोयल, कैप्टन दिग्विजय सिंह चौहान, रामप्रिया शर्मा, डॉ. तरुण कुमार टांक, प्रदीप झाला, राजीव गौंड, ज्ञानेश शर्मा, विवेक शर्मा, प्रदीप तोमर सहित अनेक सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मीडिया कोऑर्डिनेटर नंद किशोर शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, देशभक्ति एवं सेवा भावना विकसित करने वाला भारत का एक प्रतिष्ठित संगठन है। एनसीसी से प्रशिक्षण प्राप्त कर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पूर्व कैडेट “एनसीसी एलुमनाई” कहलाते हैं।
एनसीसी एलुमनाई आज सेना, प्रशासन, शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, राजनीति, खेल तथा सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। एनसीसी से प्राप्त अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास उनके जीवन को सशक्त बनाता है।
एलुमनाई संगठन का प्रमुख उद्देश्य वर्तमान कैडेटों को मार्गदर्शन देना, उन्हें प्रेरित करना तथा एनसीसी की परंपराओं और मूल्यों को आगे बढ़ाना है। एलुमनाई समय-समय पर प्रशिक्षण शिविरों, सेमिनारों, करियर मार्गदर्शन कार्यक्रमों एवं सामाजिक सेवा गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों का उत्साहवर्धन करते हैं।

आपदा प्रबंधन, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रीय एकता से जुड़े कार्यक्रमों में एनसीसी एलुमनाई की भूमिका सदैव सराहनीय रहती है। वे अपने आचरण और कार्यों से एनसीसी के आदर्श वाक्य “एकता और अनुशासन” को साकार करते हैं।
इंद्र गोयल जी ने बताया कि एनसीसी एलुमनाई केवल पूर्व कैडेट नहीं, बल्कि एनसीसी की जीवंत पहचान हैं। राष्ट्र निर्माण एवं युवाओं के चरित्र विकास में उनका योगदान अमूल्य और अविस्मरणीय है।


