देश में 10 साल में बनेंगे 100 नए एयरपोर्ट, 200 हेलीपैड

देश में 10 साल में बनेंगे 100 नए एयरपोर्ट, 200 हेलीपैड

Ahmedaabd. भावनगर. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि भारत सरकार की उड़े देश का आम नागरिक (उड़ान) योजना एक क्रांतिकारी योजना है, जिससे दुनिया के अन्य देश भी प्रेरित हो रहे हैं। इसकी सफलता को ध्यान में रखते हुए इस योजना पर आगामी 10 वर्षों के लिए 28 हजार करोड़ का कोष आवंटित किया है। लक्ष्य है कि अगले 10 वर्षों में देश में 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड बनाए जाएं।

वे रविवार को गुजरात के भावनगर शहर में भावनगर से नवी-मुंबई के बीच नई फ्लाइट शुरू करने के दौरान आयोजित उनके सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा को एक विलासिता माना जाता था और यह मध्यम वर्ग की कल्पना में भी नहीं थी। अब प्रधानमंत्री मोदी की ‘उड़ान’ योजना के बाद आम लोगों के लिए भी हवाई यात्रा सुलभ हो गई है।

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाज़ार: बांभणिया

भावनगर में केन्द्रीय नागरिक एवं उड्डयन मंत्री का सम्मान समारोह किया गया। इस समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री निमुबेन बांभणिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्रभाई मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाज़ार बन गया है। वर्ष 2014 में देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे, जिनकी संख्या वर्ष 2026 तक बढ़कर 165 हो गई है। भावनगर के निकट धोलेरा में एक नया हवाई अड्डा भी बनाया जा रहा है। यह ‘नए भारत’ की बदलती तस्वीर है। भावनगर विकास का एक नया प्रवेश-द्वार बनने जा रहा है। इस अवसर पर गुजरात के कैबिनेट मंत्री जीतू वाघाणी व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *