प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के भाटी खुर्द गांव में सोमवार रात एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पतंग की डोर से गेहूं की बोरी कटने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद मारपीट और आगजनी तक पहुंच गया, जिसमें कुल 10 लोग घायल हो गए। चुन्नू के परिवार की एक लड़की गेहूं की बोरी लेकर जा रही थी, तभी हसीम के परिवार के एक लड़के द्वारा उड़ाई जा रही पतंग की डोर से बोरी फट गई। इस बात पर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले बारात जाने को लेकर भी दोनों पक्षों में तनाव था। सोमवार रात करीब 9 बजे पुराना विवाद फिर से सामने आया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिसके बाद एक-दूसरे के छप्परों में आग लगा दी गई। आगजनी की इस घटना में कई छप्पर जलकर राख हो गए।
मारपीट में एक पक्ष से चुन्नू, शहीदुर, शाहबाज, इरशाद और कमल घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से हासिम, गुड्डू, गड्डू, अकराम और गोलू घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। थाना अध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट और आगजनी की घटना हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


