कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:IIT में वैलेंटाइन डे पर लैब टेक्नीशियन का सुसाइड, बेटे के सामने मां को डंपर ने कुचला

कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:IIT में वैलेंटाइन डे पर लैब टेक्नीशियन का सुसाइड, बेटे के सामने मां को डंपर ने कुचला

नमस्कार, कानपुर में कल (शनिवार) की बड़ी खबरें… IIT में जूनियर टेक्नीशियन युवती ने वैलेंटाइन डे पर सुसाइड कर लिया। सुबह मंगेतर से बात करने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद युवती ने कहा- मैं जान देने जा रही। सजेती में सागर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। महिला करीब 50 मीटर तक घीसटती रही। फिर टायर के नीचे आ गई। ठाकुर हूं… वाले विवाद में महिला बैंक कर्मी ने कहा- मैनेजर छेड़छाड़ करते थे। इसी से तंग आकर रिजाइन किया। कानपुर की ऐसी कल की 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें… अब सिलसिलेवार 10 खबरें पढ़िए- 1. IIT कानपुर में मंगेतर से झगड़े के बाद सुसाइड:वैलेंटाइन डे पर युवती ने फोन काटा, बोली- मरने जा रही
IIT कानपुर में शनिवार को युवती का शव फंदे पर लटकता मिला। जूनियर टेक्नीशियन वेलेंटाइन डे पर सुबह अपने मंगेतर से फोन पर बात कर रही थी। तभी किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। युवती ने कहा कि मैं जान देने जा रही। फिर कॉल कट कर दी। मंगेतर ने अपने एक साथी को जब तक रूम में भेजा तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवती का शव पंखे के सहारे फंदे से लटकता मिला। स्टाफ से सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ जांच करने पहुंची। युवती के परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पढ़िए पूरी खबर 2. कानपुर में बेटे के सामने मां को डंपर ने रौंदा:50 मीटर तक घसीटा, चीखता रहा बेटा; ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भागा कानपुर के सजेती में शनिवार को ऐसा मंजर दिखा, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। कानपुर-सागर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद 45 वर्षीय रामश्री सड़क पर गिर पड़ीं, लेकिन उनकी साड़ी डंपर में फंस गई। डंपर उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटता रहा। बेटे अनिल की आंखों के सामने मां तड़पती रही और फिर टायर के नीचे आकर दम तोड़ दिया। पढ़िए पूरी खबर 3. धारदार हथियार से हमला, महिला के 25 टांके लगे; कानपुर में ऑटो चालक और साथियों ने सड़क पर घसीटा, तमाशबीन बनी रही भीड़ कानपुर के किदवईनगर में शराब के नशे में ऑटो चालक की स्टंटबाजी का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। चालक ने साथियों के साथ मिलकर महिला से अभद्रता की और ब्लेड से हमला कर दिया। मां-बेटी समेत पांच लोग घायल हुए हैं। एक महिला के गाल पर 25 टांके लगे हैं, जबकि अन्य घायलों का भी इलाज कराया गया। ऑटो चालक के हमले से महिलाएं चीखती रहीं, लेकिन कोई बचाने नहीं आया। भीड़ और राहगीर तमाशबीन बने रहे। पढ़िए पूरी खबर 4. बैंक मैनेजर पर पूर्व महिला-कर्मी ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया:बोली- तंग आकर रिजाइन किया, ‘ठाकुर हूं’ विवाद केस की जांच मिशन शक्ति करेगी कानपुर के HDFC बैंक में ‘मैं ठाकुर हूं’ कहने वाली कर्मचारी का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आस्था सिंह भदौरिया और ब्राह्मण समाज से पूर्व महिला कर्मचारी ने पनकी थाने में अलग-अलग तहरीर दी थी। पूर्व बैंक कर्मी महिला ने बैंक मैनेजर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आरोप है कि बैंक मैनेजर सुमित सिंह मुझे देर तक रोकते थे। एक्स्ट्रा काम करवाते थे। लेट होने पर कहते थे कि मैं घर छोड़ दूंगा… मैनेजर की इन्हीं हरकतों की वजह से मैंने रिजाइन दिया। घटना वाले दिन क्लस्टर हेड भी वहां पर थे। पढ़िए पूरी खबर 5. सचेंडी की बोरी फैक्ट्री में दबकर ऑपरेटर की मौत:प्रेशर मशीन का 150 किलो वजन पार्ट टूटकर गिरा, परिजनों ने हंगामा किया कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र स्थित पंचमपुरवा के झुनझुनवाला कंपाउंड में एक बोरी फैक्ट्री में हाइड्रोलिक प्रेशर मशीन का पार्ट टूटकर गिरने से ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह करीब 6 बजे की है। मृतक की पहचान पंचमपुरवा निवासी 30 वर्षीय अवधेश कुमार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन फैक्ट्री पहुंच गए और शव को मशीन के पास रखकर हंगामा शुरू कर दिया। पढ़िए पूरी खबर 6. ‘विपक्ष SIR में वोट कटने का भ्रम फैला रहा है’:कानपुर में BJP के क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले- घुसपैठिए अब लुंगी उठाकर बांग्लादेश भाग रहे कानपुर में समाजवादी पार्टी द्वारा SIR को लेकर लगाए गए आरोपों के बीच भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि देशभर में विपक्ष ने SIR का पहले से ही विरोध शुरू कर दिया था। कानपुर समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी विरोध प्रदर्शन किए गए, जबकि यह पहली बार नहीं है जब SIR हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी आठ बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है, लेकिन तब इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। अब जब प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से चल रही है तो विपक्ष अनावश्यक विरोध कर रहा है। पढ़िए पूरी खबर 7. दिल्ली से बिहार-मालदा टाउन के लिए होली स्पेशल ट्रेनें:कानपुर, झांसी और लखनऊ के यात्रियों को राहत, टिकट बुकिंग शुरू होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें फरवरी और मार्च 2026 में अलग-अलग तिथियों पर चलेंगी। ज्यादातर ट्रेनें दिल्ली, आनंद विहार और झांसी से बिहार और ओडिशा की ओर जाएंगी। नई दिल्ली–बरौनी स्पेशल (04054/04053) ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 20 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक रोज चलेगी। वहीं ये गाड़ी बरौनी से 22 फरवरी से 8 मार्च तक रोज चलेगी। इसके लिए रेलवे ने इस गाड़ी का टाइम टेबल जारी कर दिया है। पढ़िए पूरी खबर 8. बिधनू में 500 रुपए घूस लेने वाला लेखपाल सस्पेंड; तहसीलदार को जांच सौंपी, खसरा बनाने के लिए 2 हजार मांगे थे कानपुर के बिधनू क्षेत्र में तैनात लेखपाल का रिश्वत लेते वीडियो शुक्रवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में लेखपाल एक किसान से खसरा तैयार करने के नाम पर पैसे मांगता और 500 रुपए लेते नजर आ रहा है। मामला सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल प्रभाव से लेखपाल को सस्पेंड कर दिया गया। कानपुर सदर एसडीएम अनुभव सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कठारा गांव में तैनात लेखपाल मानिक लाल गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच तहसीलदार को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी। पढ़िए पूरी खबर 9. कानपुर में रूट डायवर्जन लागू:महाशिवरात्रि पर मेघदूत, टैफ्फो तिराहा और सरसैया घाट के रास्ते भारी वाहन नहीं जाएंगे कानपुर में महाशिवरात्रि पर्व पर परमट स्थित श्री बाबा आनंदेश्वर महादेव मठ मंदिर में करीब 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने 14 फरवरी शनिवार रात 10 बजे से 15 फरवरी रविवार रात 12 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया है। इस दौरान वीआईपी रोड और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रहेगी। मेघदूत तिराहा से सरसैया घाट होते हुए टैफ्को तिराहा की ओर कोई भी भारी वाहन नहीं जा सकेगा। कंपनी बाग की ओर से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें टैफ्को तिराहा जाना है, वे रेव श्री से दाहिने मुड़कर आगे बढ़ेंगे। पढ़िए पूरी खबर 10. ‘सांसद-विधायक प्रभावित कर रहे राजाराम हत्याकांड की जांच’:बेटे ने कहा- सही जांच कराने वाले JCP का दबाव में किया ट्रांसफर अधिवक्ता राजाराम वर्मा हत्याकांड की जांच सीबीआई को स्थानांतरित होने की कवायद शुरु होते ही बेटे नरेंद्र देव ने सांसद–विधायक के दबाव में जांच प्रभावित होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि मामले की सही जांच कराने वाले संयुक्त पुलिस आयुक्त विनोद सिंह का तबादला इसी दबाव के चलते कराया गया है। यह आरोप शनिवार को बेटे नरेंद्र वर्मा ने सिविल लाइंस स्थित रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेसवार्ता में लगाए। पढ़िए पूरी खबर

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *