अहमदाबाद में 1.73 लाख विद्यार्थी देंगे 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षा

अहमदाबाद में 1.73 लाख विद्यार्थी देंगे 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षा

Ahmedabad. गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसईबी) की 26 फरवरी से शुरू हो रहीं 10वीं, 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में इस साल अहमदाबाद शहर और ग्रामीण से 1.73 लाख विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए 20 जोन तैयार करते हुए उसके अंतर्गत 138 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी। मंगलवार को शहर जिला शिक्षा अधिकारी आर.एम.चौधरी और ग्रामीण डीईओ डॉ.बी.एन.प्रजापति ने बोर्ड परीक्षा का शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र का एक्शन प्लान घोषित किया।

शहर व ग्रामीण में 10वीं में एक लाख परीक्षार्थी

शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में एक लाख 932 विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं। इसके लिए दोनों ही जगहों पर कुल 70 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जहां 342 बिल्डिंगों और 3393 ब्लॉक में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। 12वीं विज्ञान संकाय में 14332 विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं, जिनके लिए 19 परीक्षा केन्द्रों में 69 बिल्डिंगों में बैठक व्यवस्था की गई है। 12वीं सामान्य संकाय की बात करें तो इस साल शहर एवं ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों में 58604 विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं। इनके लिए 49 परीक्षा केन्द्रों में 200 इमारतों में बैठक व्यवस्था की गई है।

शहर डीईओ कार्यालय के तहत इस साल 10वीं, 12वीं विज्ञान एवं सामान्य संकाय में कुल 95688 विद्यार्थी परीक्षा देंगे, जिसके लिए 69 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इसमें 10वीं कक्षा में सबसे ज्यादा 54492 विद्यार्थी ,12वीं सामान्य संकाय में 33044 विद्यार्थी और 12वीं विज्ञान संकायममें 8152 विद्यार्थी इस साल बोर्ड परीक्षा देंगे। शहर में 10वीं के लिए 33, 12वीं सामान्य संकाय के लिए 26 और विज्ञान संकाय के लिए 10 केन्द्र बनाए गए हैं। ग्रामीण डीईओ कार्यालय क्षेत्र की बात करें तो 10वीं कक्षा में 46440, 12वीं सामान्य संकाय में 25560 और 12वीं विज्ञान संकाय में 6180 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे।

पहले दिन भद्रकाली की यात्रा, घर से जल्दी निकलें परीक्षार्थी

बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन 26 फरवरी को नगरदेवी भद्रकाली की शहर में नगर यात्रा निकलने वाली है। इस नगर यात्रा के रूट पर 10वीं, 12वीं के 7 हजार बोर्ड परीक्षार्थी परीक्षा देने वाले हैं। ऐसे में इन सभी केन्द्रों के परीक्षार्थियों को घर से जल्दी निकलने को कहा है, ताकि वे ट्रैफिक या रूट में फंसे नहीं और परीक्षा दे सकें। इसके लिए जिला कलक्टर के जरिए शहर पुलिस को भी पत्र लिखा है कि वह बोर्ड परीक्षार्थियों के रूट में फंसने पर उन्हें निकालने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *