हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में सतनाली पुलिस ने नांवा गांव में सड़क किनारे पड़े एक लावारिस बैग से 1 किलो 510 ग्राम गांजा बरामद किया है। यह घटना 9 फरवरी की देर शाम की है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्कूल के सामने पड़ा था काला बैग जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी की देर शाम 33 केवी पावर हाउस नांवा पर कार्यरत एक एएलएम अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। उसने पावर हाउस के नजदीक शिक्षा भारती स्कूल के सामने सड़क पर एक काले रंग का लावारिस बैग पड़ा देखा। संदेह होने पर एएलएम ने अपने साथी को मौके पर बुलाया और तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की ईआरवी और सतनाली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को तलाशी लेने पर मिला गांजा पुलिस ने नियमानुसार बैग की तलाशी ली, जिसमें एक पॉलीथीन के अंदर गांजा मिला। मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर कुल 1 किलो 510 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर सील कर दिया है। बैग छोड़ने वाले व्यक्ति की तलाश जारी एसपी पूजा वशिष्ठ के निर्देशानुसार, नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। सतनाली पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशीला पदार्थ वहां किस व्यक्ति द्वारा छोड़ा गया था।


