1.5 लाख की शराब और कार जब्त:कार से 10 पेटी अवैध शराब जब्त, दो गिरफ्तार

दमोह की हटा थाना पुलिस ने बुधवार रात एक कार से लाई जा रही 10 पेटी अवैध शराब को जब्त करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार दोपहर हटा थाना प्रभारी ने इस कार्रवाई की जानकारी दी। थाना टीआई सुधीर बेगी ने बताया कि एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि रनेह की ओर से एक सफेद ऑल्टो कार में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर नवोदय वार्ड ककराई के आगे रनेह-रसीलपुर तिराहे पर नाकाबंदी की गई। पुलिस ने आती हुई कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने कार का पीछा किया। पीछा करने के दौरान एक आरोपी चलती गाड़ी से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस ने कार को रोककर ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति को पकड़ा और पूछताछ की। कार की तलाशी लेने पर पीछे की सीट फोल्ड करके डिग्गी में 10 पेटी अवैध शराब रखी मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। जब्त शराब की कीमत लगभग 50,000 रुपये और पुरानी सफेद रंग की ऑल्टो कार की कीमत करीब 1 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्त सामग्री का मूल्य 1,50,000 रुपये है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप पिता वेद सिंह राजपूत, निवासी ग्राम सुजान तलैया, थाना गैसाबाद के रूप में हुई। संदीप से पूछताछ में भागे हुए दूसरे आरोपी का नाम कमलू अहिरवार, निवासी रसीलपुर बताया गया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *