मध्य प्रदेश के 1 करोड़ 32 लाख लोगों को अब बिना किसी दिक्कत के राशन मिलेगा। पिछले 5 दिन से 28 हजार से ज्यादा राशन दुकानों की बायोमेट्रिक (PoS) मशीनें सर्वर डाउन होने से नहीं चली थी। इस कारण लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा था। गुरुवार को तकनीकी समस्या दूर की गई। अफसरों का कहना है कि शुक्रवार से नियमित रूप से राशन का वितरण किया जाएगा। राशन दुकानों पर विजन टेक कंपनी ने बायोमेट्रिक मशीन लगाई है। इसमें अंगूठा लगाने के बाद ही राशन दिया जाता है। इसी मशीन में दिक्कतें हो रही थीं। पिछले 5 दिन से सर्वर डाउन रहा। इस वजह से राशन का वितरण नहीं हो पा रहा था। जिला आपूर्ति अधिकारी चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि पिछले 5 दिन से सर्वर में दिक्कत आ रही थीं। वहीं, मशीनों में अपग्रेडशन हो रहा था। सॉफ्टवेयर भी अपडेट हो रहा था। इस कारण राशन का वितरण नहीं हो सका। गुरुवार को समस्या दूर हो गई। शुक्रवार को नियमित रूप से बिना दिक्कत के राशन का वितरण हो सकेगा। भोपाल में 502 दुकानें, साढ़े 3 लाख हितग्राही
राशन के दायरे में एमपी के 1 करोड़ 32 लाख 45 हजार 841 लोग आते हैं। इन्हें 28 हजार 70 दुकानों से राशन का वितरण हो रहा है। भोपाल में 502 दुकानें हैं। जहां से 3.50 लाख लोगों को राशन वितरण होता है। इतना मिलता है राशन
प्राथमिक परिवार को 5 किलोग्राम प्रति सदस्य के हिसाब से राशन दिया जाता है। इनमें 4 किलो गेहूं और 1 किलो फोर्टिफाइड चावल शामिल हैं। अंत्योदय परिवार को 35 किलो (प्रति परिवार) राशन दिया जाता है। इसमें 30 किलो गेहूं, 5 किलो चावल शामि हैं। इसके अलावा एक किलो शकर और एक किलो नमक भी दिया जाता है।


