0 ट्रॉफी और 4 बार सेमीफाइनल में चूकने का दर्द; क्या इस बार इतिहास रचेगी विमेंस भारतीय टीम? नोट करें पूरा शेड्यूल

0 ट्रॉफी और 4 बार सेमीफाइनल में चूकने का दर्द; क्या इस बार इतिहास रचेगी विमेंस भारतीय टीम? नोट करें पूरा शेड्यूल

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बिगुल बज चुका है! 14 जून को होगा भारत और पाकिस्तान का महामुकाबला। जानिए अब तक के वर्ल्ड कप में कैसा रहा है टीम इंडिया का सफर और क्या है 2026 का पूरा शेड्यूल… 

ICC Women’s T20 World Cup 2026 Full Schedule: आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। अगर आप सोच रहे हैं कि इंडिया ने अब तक कितनी बार यह वर्ल्ड कप जीता है, तो आपको बता दें कि भारतीय महिला टीम ने अभी तक एक बार भी टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीता है। अब तक हुए टूर्नामेंट्स में सिर्फ ऑस्ट्रेलिया (6 बार), इंग्लैंड (1 बार), वेस्टइंडीज (1 बार) और न्यूजीलैंड (1 बार) ही चैंपियन बन पाई हैं। यहां जानें टीम इंडिया के अब तक के प्रदर्शन का पूरा हाल।

शुरुआत रही अच्छी (2009 और 2010)

साल 2009 में जब पहला विमेंस टी20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड में हुआ, तब दिग्गज झूलन गोस्वामी टीम की कप्तान थीं। भारत ने शानदार खेल दिखाया और सेमीफाइनल तक पहुंचा, लेकिन न्यूजीलैंड से हारकर बाहर हो गया। अगले साल 2010 में भी कहानी वही रही, टीम सेमीफाइनल तक पहुंची मगर इस बार ऑस्ट्रेलिया ने भारत का सपना तोड़ दिया।

खराब रहा ये दौर (2012 से 2016)

अगले तीन वर्ल्ड कप भारत के लिए किसी बुरे सपने जैसे थे। 2012 जो श्रीलंका में हुआ , 2014 बांग्लादेश में और 2016 में भारत में टीम इंडिया ग्रुप स्टेज से आगे भी नहीं बढ़ पाई। 2016 में घरेलू मैदान पर भी फैंस को काफी निराशा हाथ लगी थी।

अच्छी वापसी फिर भी दिल टूटा (2018)

2018 में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने जबरदस्त वापसी की। ग्रुप स्टेज में भारत एक भी मैच नहीं हारा और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को भी पटखनी दी। लेकिन सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 4 रन की हार ने एक बार फिर करोड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया।

सबसे यादगार परफॉरमेंस: 2020 का फाइनल

ऑस्ट्रेलिया में हुआ 2020 का वर्ल्ड कप भारत के लिए सबसे बेहतरीन रहा। भारत ने ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसी टीमों को हराकर टॉप किया। सेमीफाइनल मैच बारिश की वजह से धुल गया, लेकिन ग्रुप में टॉप पर रहने की वजह से भारत पहली बार फाइनल में पहुंच गया। फाइनल में मेलबर्न के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के सामने भारतीय टीम दबाव नहीं झेल पाई और 85 रनों से हारकर चैंपियन बनने से चूक गई।

सेमी फाइनल में चुके (2023 और 2024)

साउथ अफ्रीका में हुआ 2023 के वर्ल्ड कप में भी किस्मत ने साथ नहीं दिया और भारत एक बार फिर सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारकर बाहर हो गया। वहीं 2024 (UAE) में न्यूजीलैंड चैंपियन बनी, जहां भारत का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।

ICC विमेंस T20 वर्ल्ड कप 2026: भारतीय टीम का शेड्यूल

तारीख और दिन मुकाबला मैदान समय (भारतीय समयानुसार)
14 जून, रविवार भारत बनाम पाकिस्तान एजबेस्टन रात 8:00 बजे
17 जून, बुधवार भारत बनाम नीदरलैंड्स हेडिंग्ले रात 8:00 बजे
21 जून, रविवार भारत बनाम साउथ अफ्रीका ओल्ड ट्रैफर्ड रात 8:00 बजे
25 जून, गुरुवार भारत बनाम बांग्लादेश ओल्ड ट्रैफर्ड रात 8:00 बजे
28 जून, रविवार भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया लॉर्ड्स रात 8:00 बजे

इस बार टीम इंडिया से आस

भारतीय टीम ने कई बार दिखाया है कि वह दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक है, लेकिन नॉकआउट मैचों (सेमीफाइनल और फाइनल) में हारना टीम की सबसे बड़ी कमजोरी रही है। इस 2026 टी20 वर्ल्ड कप में फैंस को उम्मीद होगी कि टीम इंडिया आखिरकार अपनी पहली ट्रॉफी उठाएगी।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *