हिसार के सेक्टर 16-17 स्थित पार्किंग में शुक्रवार देर रात एक वकील पर कार सवार युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि स्टंट कर रहे युवकों को टोकने पर उन्होंने घेरकर मारपीट की, तेजधार हथियार से वार किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर 16-17 निवासी 28 वर्षीय अभिमन्यु सूरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 फरवरी की रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्त विशाल के साथ स्कूटी लेकर पार्किंग में खड़े थे। तभी काले रंग की क्रेटा (HR86A-6156) कार स्टंट करती हुई उनकी स्कूटी के पास आकर रुकी। विरोध करने पर कार सवार युवकों ने उस पर घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। आरोप है कि तेजधार हथियार से सिर और छाती पर वार किए गए। 112 पर कॉल करने लगा तो फोन छीनकर फेंका
पीड़ित के मुताबिक उसने 112 पर कॉल करने की कोशिश की तो आरोपियों ने मोबाइल छीनकर सड़क पर फेंक दिया। एक युवक दूसरे को अज्जू भाई कहकर पुकार रहा था और कह रहा था, आज इसे जान से मारना है। जाते समय भी आरोपियों ने धमकी दी कि आज तो बच गया, आगे नहीं बचेगा। 5 चोटें आईं, अस्पताल में कराया गया भर्ती
घायल अभिमन्यु को उसके पिता सरकारी अस्पताल ले गए। एमएलआर में कुल पांच चोटें दर्ज की गई हैं, जिनमें सिर और शरीर पर ब्लंट व अन्य चोटें शामिल हैं। इलाज के बाद वह घर लौट आया। बाद में पता चला कि उसका पर्स भी गायब है। इन धाराओं में केस दर्ज
हिसार की सिविल लाइन थाना ने आरोपी अज्जू सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 115, 324(6), 351(3) व 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। एएसआई जितेंद्र कुमार को जांच सौंपी गई है। पुलिस कार और आरोपियों की तलाश में जुटी है।


