हिसार के गांव गंगवा इलाके में शीतला माता मंदिर के पास एक मकान में चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को काबू किया है। मौके से पुलिस ने करीब 3.50 लाख रुपए की नकदी, ताश के पत्ते और 54 ग्राम अफीम बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। एफआईआर के अनुसार, आजाद नगर थाने में तैनात एसआई रमेश कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंगवा निवासी प्रवीन अपने घर में लोगों को इकट्ठा कर पैसे दांव पर लगवाकर जुआ खिलवा रहा है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और रेड की योजना बनाई। बेसमेंट में चल रहा था जुआ, रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो मकान के बेसमेंट में 13 लोग ताश के जरिए जुआ खेलते मिले। पुलिस ने सभी को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से ₹3,50,250 की नकदी और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए। एक आरोपी से अफीम भी बरामद
कार्रवाई के दौरान राजीव नामक आरोपी की जेब से 54 ग्राम अफीम भी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। इसके चलते उस पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(सी) के तहत भी मामला दर्ज किया गया। इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से प्रवीन, दिनेश, रतन लाल, जसबीर, ईश्वर, विक्रम, राजीव, जगपाल, गुलशन, नरेश, मुकेश कुमार, विकास समेत कुल 13 लोगों को काबू किया है। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। मामले की जांच एएसआई जयप्रकाश को सौंपी गई है।


