हरदोई में ट्रैक्टर ने बुजुर्ग को रौंदा, मौत:सड़क किनारे ट्रैक्टर छोड़कर ड्राइवर मौके से फरार

हरदोई के कासिमपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसा हुआ। संडीला-मल्लावां मार्ग पर गौरी खालसा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क किनारे खड़े एक वृद्ध को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान कछौना थाना क्षेत्र के ग्राम खजोहना निवासी लाइक उर्फ मुन्नी (65 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लाइक उर्फ मुन्नी मंगलवार सुबह गौरी खालसा स्थित सरकारी अस्पताल से दवा लेकर लौट रहे थे। वह संडीला-मल्लावां मार्ग पर अपने घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कासिमपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक लाइक उर्फ मुन्नी की कोई संतान नहीं थी। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। कासिमपुर कोतवाल घनश्याम राम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *