हनुमानगढ़ में फायरिंग मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार:बंदूक और बाइक भी जब्त, खेत पर रखवाली कर रहे किसान को मारी थी गोली

हनुमानगढ़ में खेत की रखवाली कर रहे किसान पर फायरिंग के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई टोपीदार बंदूक और बाइक भी बरामद कर ली है। आरोपियों से घटना के पीछे की वजह जानने के लिए पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रंजीतपुरा, हनुमानगढ़ निवासी इन्साफ उर्फ चापड़ (40) और याकर हुसैन उर्फ बोगी (35) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। यह घटना 24 फरवरी की तड़के करीब 4:15 बजे टाउन थाना क्षेत्र में हुई थी। चक 7 एसजेडडब्ल्यू 19 एजी, तलवाड़ा निवासी लालचंद उर्फ लाल अपने पड़ोसी सतनाम गोदारा और भीमसेन के साथ खेतों की रखवाली कर रहे थे। वे तीनों एक पुलिया के पास सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान बाइक पर सवार 2 युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने तेज गति से बाइक भगाते हुए उनकी ओर फायर किया। गोली लालचंद के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गए। हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल लालचंद को तुरंत टाउन स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *