सुल्तानपुर डाकघर में बम की सूचना:मेल आने के बाद मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ते ने की जांच

सुल्तानपुर डाकघर में बम की सूचना:मेल आने के बाद मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ते ने की जांच

सुल्तानपुर डाकघर में बुधवार दोपहर बम रखे होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। एक ईमेल के जरिए यह जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच में यह सूचना अफवाह निकली। दोपहर करीब 11 बजे डाकघर को बम की धमकी वाला मेल प्राप्त हुआ। पोस्टमास्टर सुरेंद्र कुमार चौबे ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सीओ सिटी सौरभ सामंत के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस टीम प्रधान डाकघर पहुंची और पूरी बिल्डिंग तथा परिसर को खाली कराया गया।
इसके बाद, पुलिस टीम, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने डाकघर के पूरे परिसर और बिल्डिंग के हर कमरे की गहनता से जांच की। इस दौरान डाक कर्मियों और आम लोगों में दहशत का माहौल रहा। करीब आधे घंटे तक चले इस वृहद सर्च अभियान में डाक परिसर में कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। सीओ सिटी सौरभ सामंत ने बताया कि मौके पर कानून व्यवस्था ठीक है और जांच के दौरान कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। पोस्टमास्टर सुरेंद्र कुमार चौबे ने बताया कि सुबह लगभग 11 बजे के आसपास मेल आया था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया है कि डरने वाली कोई बात नहीं है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *