सिवनी की महिला खिलाड़ियों ने संभाग स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में चैंपियन का खिताब जीता है। राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा के अंतर्गत आज आयोजित इस प्रतियोगिता में सिवनी जिले की टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप के सभी पदक अपने नाम किए हैं। स्पोर्ट्स ऑफिसर के.सी. राउर ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर के अनुसार यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें चारों जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। पीजी कॉलेज सिवनी की छात्रा खुशी बघेल ने सर्वाधिक तीन पदक जीते। कॉलेज ने कुल सात स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। पीजी कॉलेज सिवनी एथलेटिक्स के अलावा टेबल टेनिस, फुटबॉल, हॉकी और क्रिकेट में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। पिछले सप्ताह संपन्न हुई संभाग स्तरीय क्रिकेट और हॉकी प्रतियोगिता का चैंपियन खिताब भी पीजी कॉलेज सिवनी ने अपने नाम किया था। कॉलेज की खेल समिति, जिसमें डॉ. सविता मसीह, प्रो. के.के. बरमैया, मनीष परिहार, सुधीर डेहरिया, अनिल कनोजिया और कपिल डागोरिया शामिल हैं, खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन, मार्गदर्शन और सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहती है। महाविद्यालय के अन्य प्रोफेसर्स और स्टाफ भी इसमें सहयोग करते हैं। कॉलेज प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सिवनी के युवा खिलाड़ी प्रदेश में खेलों की दुनिया में नई उपलब्धियां अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों के अथक परिश्रम और स्पोर्ट्स ऑफिसर के.सी. राउर व उनकी टीम को दिया। प्राचार्य ने भविष्य में भी कॉलेज के उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई। स्पोर्ट्स ऑफिसर के.सी. राउर ने यह भी बताया कि बालाघाट जिले की मेजबानी में इसी माह 9 से 12 दिसंबर तक राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सिवनी से हॉकी (पुरुष) वर्ग में 10 खिलाड़ी और हॉकी (महिला) वर्ग में आठ खिलाड़ी सिवनी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।


