फतेहाबाद जिले की रतिया पंचायत समिति में अब सवा साल बाद एक बार फिर बीजेपी का चेयरमैन होगा। नए चेयरमैन पद के लिए वार्ड नंबर 7 से सदस्य विकास सिंह को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। सदस्य भी विकास सिंह के नाम पर सहमति जता चुके हैं। अब औपचारिक ऐलान होना बाकी है। बता दें कि, एक दिन पहले ही रतिया पंचायत समिति के 21 में से 16 सदस्यों ने वोटिंग करके चेयरमैन केवल मेहता को पद से हटा दिया था। चेयरमैन को हटाने के लिए सदस्यों को पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल का भी साथ मिला। इस पूरी रणनीति के पीछे दुग्गल खेमे ने मुख्य भूमिका निभाई। मात्र पांच सदस्य रहे थे वोटिंग से दूर पंचायत समिति चेयरमैन के खिलाफ वोटिंग से मात्र पांच सदस्य दूर रहे। इनमें वार्ड नंबर 5 के सदस्य खुद केवल मेहता के अतिरिक्त वार्ड नंबर 6 से सरबजीत कौर, वार्ड नंबर 16 से कमलेश रानी, वार्ड नंबर 17 से मनजीत सिंह और वार्ड नंबर 22 से नवीन शामिल रहे। एक सदस्य वार्ड नंबर 12 से आशा रानी का निधन हो चुका है। दुग्गल की पसंद का बनेगा चेयरमैन बेशक नया चेयरमैन बीजेपी समर्थित होगा। मगर पसंद पूर्व सुनीता दुग्गल की चलेगी। उसी सदस्य को चेयरमैन का पद मिलेगा, जिसके नाम पर सुनीता दुग्गल मुहर लगाएंगी। हालांकि, सदस्य अपनी तरफ से विकास सिंह का नाम सामने रख चुके हैं। अब इसी नाम पर नेताओं की सहमति बनाने की भी कोशिश शुरू होगी। शुरुआत में बीजेपी का ही बना था चेयरमैन बता दें कि, साल 2022 में केवल मेहता को रतिया पंचायत समिति का चेयरमैन बनाया गया था। उस समय वह बीजेपी के मंडल अध्यक्ष थे। तत्कालीन बीजेपी विधायक लक्ष्मण नापा का भी उनको समर्थन था। मगर समीकरण अक्टूबर 2024 में बदल गए। उस समय विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने सुनीता दुग्गल को उम्मीदवार बना दिया था। इससे नाराज होकर तत्कालीन विधायक लक्ष्मण नापा ने बगावत कर दी और बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में चले गए। उनके साथ ही चेयरमैन केवल मेहता ने भी बीजेपी छोड़ दी। विधानसभा चुनाव में सुनीता दुग्गल भी हार गई। इसके बाद से केवल मेहता को कुर्सी से हटाने के प्रयास किए जा रहे थे।


