सम्भल नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला देहली दरवाज़ा में पिछले एक माह से अधिक समय से गंभीर जलभराव की समस्या बनी हुई है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर जमा होने से स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस स्थिति से नाराज़ मोहल्लेवासियों ने मंगलवार को नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। स्थानीय निवासी नदीम ने बताया कि सड़क निर्माण के बाद भी जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई है। नालियों का पानी सीधे सड़क पर भर जाता है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है। स्कूली बच्चों को गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि नगर पालिका चेयरमैन कई बार मौके का निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हो पाया है। मोहम्मद कासिम खान ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं, लेकिन जनता की परेशानी के समय उनकी कोई सुनवाई नहीं होती। नगर पालिका और वार्ड सदस्य को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, फिर भी लापरवाही बरती जा रही है। उनका आरोप है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है। मोहम्मद आसिफ ने बताया कि सड़क पर जमा गंदे पानी से कपड़ों पर छींटे पड़ जाते हैं, जिससे कपड़े खराब हो जाते हैं। मुख्य सड़क से यह पानी अब गलियों तक पहुंच गया है। नमाज अदा करने के लिए मस्जिद जाने में भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस प्रदर्शन में मुशर्रफ उल्ला खान, मोईनुल इस्लाम, शमीम अहमद, अजीम अहमद खान, इरफान, शानू, नूर आलम, फैजान, मोहम्मद शमी, मुनव्वर हुसैन, सत्तार, जब्बार, सवालेहिं एडवोकेट, अजगर, अनवर, मुख्तियार, अजीम, राहत, चमन, भूरा सहित कई मोहल्लेवासी मौजूद रहे। मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


