भास्कर न्यूज | जालंधर पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित गांव बल्लां के समीप बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। सड़क पार कर रहे युवक को एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दिनेश कुमार (पुत्र लालू) निवासी बिहार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में किशनगढ़ के एक पीजी में रह रहा था। हादसा उस समय हुआ जब दिनेश कुमार काम से लौटकर सड़क पार कर रहा था। तभी पठानकोट की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार उसे अपनी चपेट में लेते हुए फरार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम सक्रिय हुई। एएसआई रणजीत सिंह अपनी टीम के साथ शाम करीब 7:36 बजे मौके पर पहुंचे। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और उनके साथी बड़ी संख्या में हाईवे पर एकत्र हो गए। पुलिस की कार्यप्रणाली और अज्ञात चालक के फरार होने से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर धरना दे दिया और यातायात दो घंटे के लिए पूरी तरह ठप कर दिया। हाईवे जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालत की गंभीरता को देखते हुए तुरंत थाना मकसूदां के एसएचओ गुरप्रीत सिंह को सूचित किया गया। कुछ ही देर में थाना मकसूदां और थाना करतारपुर की पुलिस टीमें भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। एएसआई उमेश कुमार ने घटनास्थल का मुआयना कर शुरुआती जांच शुरू की। पुलिस का आश्वासन जल्द अरेस्ट होगा आरोपी मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की। एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस आसपास के ढाबों और दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कार के नंबर को जल्द ही ट्रेस कर लिया जाएगा और आरोपी चालक को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पुलिस के इस ठोस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला, जिसके बाद पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारू रूप से बहाल करवाया। थाना मकसूदां पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर भेज दिया है।


