श्रीगंगानगर में एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी करने का मामला सामने आया है। नकाबपोश चोर दुकानों के ताले तोड़कर चोरी कर ले गए। चोरी की वारदात उत्सव मार्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जिसमें चोर लोहे की रॉड से ताले तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना जवाहर नगर थाना क्षेत्र की है। चहल चौक स्थित उत्सव मार्ट के मालिक नरेश सिडाना ने बताया- बुधवार रात के करीब 2:20 बजे दो नकाबपोश चोरों ने मार्ट में धावा बोल दिया। चोर लोहे की रॉड से मार्ट के शटर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और कांउन्टर में रखा 30 हजार कैश चोरी कर ले गए। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें चोर शटर के ताले तोड़ते हुए व चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, यहां से चोरी करने के बाद चोर पास में स्थित बंसल ड्राई फ्रूट्स की शॉप में घुस गए। जहां से चोर ड्राई फ्रूट्स के कई बॉक्स चोरी कर ले गए। इसके बाद सामने स्थित रामदेव किराना स्टोर की दुकान को निशाना बनाया। यहां चोरों ने दुकान में घुसने की कोशिश की लेकिन ताले ही तोड़ पाए। सुबह जब दुकानदार दुकानों पर आए तो दुकानों के टूटे हुए ताले मिले। जिसके बाद दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना पर जवाहर नगर थाना पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है और पुलिस से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।


