राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के हलाहेड़ी गांव के पास शनिवार को एक सड़क हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) जवान सुरेश वर्मा की मौत हो गई। सुरेश वर्मा हलाहेड़ी गांव के ही निवासी थे और वर्तमान में भोपाल में पदस्थ थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुरेश वर्मा शनिवार को भोपाल से छुट्टी लेकर अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने अपने एक दोस्त को उसके घर छोड़ा और फिर अकेले अपने गांव हलाहेड़ी की ओर जा रहे थे। बेकाबू होकर नीम के पेड़ से टकराई बाइक
इसी दौरान गांव के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक सड़क किनारे लगे एक नीम के पेड़ से जा टकराई। हादसे में सुरेश वर्मा को मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल जवान को खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


