कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। खम्हरिया गांव में जिस युवक की लाश मिली थी, उसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी होने वाली पत्नी (मंगेतर) ने ही की थी। मोबाइल में दूसरी लड़की की फोटो देखने के बाद शुरू हुए झगड़े ने इस खूनी वारदात का रूप ले लिया। मोबाइल की फोटो बनी मौत की वजह मृतक सुनील आदिवासी (20 वर्ष) की शादी खम्हरिया गांव की एक नाबालिग लड़की से तय हुई थी। सुनील बुधवार रात अपने ससुराल आया था, लेकिन अगली सुबह गांव के पास ही उसकी लाश मिली। पुलिस को तफ्तीश के दौरान उसकी मंगेतर पर शक हुआ। जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो लड़की ने सच बताया। उसने कहा कि सुनील के मोबाइल में किसी दूसरी लड़की की फोटो देखकर उसे बहुत गुस्सा आया और बहस बढ़ गई। बिजली के तार से घोंटा गला गुस्से में आकर नाबालिग लड़की ने घर में रखे बिजली के तार से सुनील का गला घोंट दिया, जिससे उसकी वहीं मौत हो गई। वारदात के बाद उसने शव को ठिकाने लगा दिया था। गले पर मिले निशानों से ही पुलिस को हत्या का सुराग मिला था। आरोपी लड़की हिरासत में एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया ने बताया कि आरोपी मंगेतर नाबालिग है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय (जुवेनाइल कोर्ट) में पेश कर दिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बिजली का तार और अन्य सबूत भी बरामद कर लिए हैं।


