मथुरा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू:जागरूकता रैली निकाली गई, 30 अप्रैल तक चलेगा दस्तक अभियान

मथुरा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू:जागरूकता रैली निकाली गई, 30 अप्रैल तक चलेगा दस्तक अभियान

मथुरा में संचारी रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से 1 से 30 अप्रैल तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का बुधवार को शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी संचालित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से एक जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। रैली में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बाल विकास सेवा विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं नगर निगम मथुरा-वृंदावन के कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली के समापन के बाद आयोजित सभा में अधिकारियों ने संचारी रोगों से बचाव की विस्तृत जानकारी दी और सभी कर्मचारियों को जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वीबीडी) डॉ. अनुज चौधरी, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. गोपाल गर्ग सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि लोगों को अपने घरों और आसपास जलभराव नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने पानी के बर्तनों को ढककर रखने, मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करने और शरीर को ढककर रखने वाले कपड़े पहनने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए और डॉक्टर द्वारा दी गई दवाओं का पूरा सेवन करना चाहिए। लोगों को चेतावनी दी गई कि तेज बुखार में एस्प्रिन या ब्रूफिन जैसी दवाओं का बिना डॉक्टरी सलाह के उपयोग न करें। इस अभियान के माध्यम से जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाकर संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण का लक्ष्य रखा गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *