पीपलखूंट थाना क्षेत्र के काली घाटी गांव में कीटनाशक दवा पीने से एक 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। किशोरी ने बांसवाड़ा जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, काली घाटी निवासी इस किशोरी ने कपास की फसल में छिड़काव के लिए इस्तेमाल होने वाली कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया था। दवा पीने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही वे उसे तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल बांसवाड़ा लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टर्स ने किशोरी का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। हेड कॉन्स्टेबल राकेश कटारा ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और किशोरी द्वारा कीटनाशक दवा पीने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


