बरेली में एक नवविवाहिता ने अपने देवर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने देवर के साथ-साथ पति और सास के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना कैंट थाना क्षेत्र की है। महिला ने बारादरी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसका निकाह 11 दिसंबर को हुआ था। शादी के कुछ ही दिनों बाद, 1 जनवरी को जब वह ससुराल में अकेली थी, तभी देवर जबरन घर में घुस आया और दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद उसने अपने पति को आपबीती बताई। आरोप है कि पति ने सहारा देने के बजाय उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और आत्महत्या की धमकी देकर पुलिस में शिकायत न करने का दबाव बनाया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि पति, देवर और सास ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने बारादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी देवर, पति और सास के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।


