दिल्ली असेंबली और लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी ग्रुप का ई-मेल से भेजा गया संदेश

Delhi Assembly, Lal Qila Bomb Threat: दिल्ली पुलिस को एक धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसमें दिल्ली विधानसभा और लाल किला को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह धमकी कथित तौर पर एक खालिस्तानी ग्रुप द्वारा भेजी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। धमकी मिलने के तुरंत बाद, दिल्ली विधानसभा परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया। बॉम्ब स्क्वाड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की गहन जांच की, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला।

जांच में जुटी दिल्ली पुलिस

दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि तलाशी अभियान के दौरान कोई खतरनाक या हानिकारक चीज़ नहीं पाई गई, फिर भी एहतियात के तौर पर सभी जरूरी सुरक्षा कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि धमकी भरे ई-मेल की जांच जारी है, और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह मेल कहां से भेजा गया और किसने भेजा। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल भी जांच में शामिल हो गई है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर पूरी निगरानी बनाए रखे हुए हैं।

दिल्ली के स्कूलों में भी बम धमकी

दिल्ली के दो प्रमुख स्कूलों को भी बम धमकी का ई-मेल प्राप्त हुआ। दिल्ली कैंटोनमेंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद स्कूल को तुरंत खाली करवा लिया गया और परिसर की सघन तलाशी ली गई। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों के अनुसार, धमकी मिलने के बाद फायर विभाग, बम डिटेक्शन टीम (BDT), बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और डॉग स्क्वॉड को मौके पर भेजा गया। बाद में जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। इसके अलावा, लोधी कॉलोनी स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को भी इसी तरह की धमकी मिली। इस मामले में भी सुबह 9:36 बजे धमकी की सूचना मिलने के बाद जांच की गई, और दोनों घटनाओं को फर्जी (Hoax) घोषित कर दिया गया।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

हालांकि, दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां इन घटनाओं को गंभीरता से ले रही हैं, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों के कारण राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और भी ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि वे हर परिस्थिति के लिए तैयार हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सुरक्षा उपायों को लागू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *