रामनगरिया थाना क्षेत्र के जगतपुरा इलाके में शनिवार शाम एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना महल रोड स्थित 7 नंबर बस स्टैंड के पास करीब साढ़े सात बजे की है। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते बोनट से उठता धुआं देख लिया और कार रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड की दमकल ने 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार कार चालक महेंद्र अपने दो साथियों के साथ जा रहा था। अचानक बोनट से धुआं निकलता देख उसने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोक दिया। कुछ ही क्षणों में आग भड़क उठी। स्थिति गंभीर होते देख तीनों लोग कार से कूदकर बाहर निकल गए और अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर रामनगरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही दमकल की गाड़ी भी पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। थानाधिकारी चन्द्रभान ने बताया कि आग की चपेट में आई कार सीएनजी से संचालित थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
चलती सीएनजी कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला


