गाजीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर 224 शिकायतें मिलीं:29 का मौके पर निस्तारण, जमीन विवाद के सबसे ज्यादा मामले सामने आए

गाजीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर 224 शिकायतें मिलीं:29 का मौके पर निस्तारण, जमीन विवाद के सबसे ज्यादा मामले सामने आए

गाजीपुर में जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 224 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 29 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। तहसील सदर में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां 43 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में जमीन विवाद, राजस्व संबंधी समस्याएं, आपसी विवाद और सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें सर्वाधिक थीं। अन्य तहसीलों में जमानियां में 35 शिकायतों में से 4, कासिमाबाद में 18 में से 4, सेवराई में 28 में से 3, जखनियां में 39 में से 3, सैदपुर में 22 में से 3 और मुहम्मदाबाद में 39 में से 7 मामलों का मौके पर समाधान किया गया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों का तत्काल निस्तारण कराया। उन्होंने शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जमीन और आपसी विवादों को गंभीर बताते हुए पुलिस और राजस्व विभाग को आपसी समन्वय के साथ ऐसे मामलों का जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी लेखपालों को निर्देशित किया कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को अनावश्यक परेशान न किया जाए और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *