गाजियाबाद में 3 बहनों की मौत का सच…8 पन्नों का सुसाइड नोट, कोरियन कल्चर और ऑनलाइन हॉरर गेम्स की लत

गाजियाबाद में 3 बहनों की मौत का सच…8 पन्नों का सुसाइड नोट, कोरियन कल्चर और ऑनलाइन हॉरर गेम्स की लत

Ghaziabad 3 Sisters suicide case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित भारत सिटी सोसाइटी में हुई सुसाइड केस में बड़ा खुलासा हुआ है। तीन बहनों – 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी ने 9वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। यह घटना फरवरी 2026 की शुरुआत में हुई, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया। पुलिस ने अब इस मामले की जांच रिपोर्ट तैयार की है। ACP शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने यह रिपोर्ट डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील को सौंपी है। करीब 17 दिनों की जांच, 14 गवाहों के बयान और 8 पन्नों के सुसाइड नोट की गहन जांच के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

कोरियन कल्चर की लत

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रिपोर्ट में सबसे बड़ा खुलासा यह है कि तीनों बहनें कोरियन संस्कृति (K-pop, K-drama) से बहुत ज्यादा प्रभावित थीं। वे इतनी प्रभावित थीं कि उन्होंने अपने नाम भी कोरियाई स्टाइल के रख लिए थे। पिछले तीन साल से वे स्कूल नहीं जा रही थीं। उनका सारा समय मोबाइल फोन पर बीतता था। पिता चेतन कुमार ने जब उनकी इस आदत को देखते हुए मोबाइल छीन लिया और टोकना शुरू किया, तो वे इसे बर्दाश्त नहीं कर पाईं। सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि ‘कोरियन गेम और कल्चर छुड़वाने की बात की, लेकिन ये हमसे नहीं हो पाएगा’। वे खुद को कोरियन समझने लगी थीं और भारतीय जीवन से दूर हो गई थीं।

खतरनाक ऑनलाइन गेम्स और टास्क

बच्चियां सिर्फ ड्रामा नहीं देखती थीं, बल्कि डरावने टास्क-बेस्ड हॉरर गेम्स खेलती थीं। सुसाइड नोट में पांच गेम्स का जिक्र है- पोपी प्ले टाइम, द बेबी इन येलो, ईविल नन, आइसक्रीम मैन और आइस गेम। ये गेम्स हिंसक होते हैं, जो छोटे बच्चों के लिए प्रतिबंधित हैं। पुलिस जांच में पता चला कि मोबाइल की लत इतनी गहरी थी कि पिता के फोन छीनने पर वे बहुत दुखी हुईं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि एक ‘कोरियन लवर गेम’ या टास्क के आखिरी स्टेप ने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर किया। हालांकि पुलिस ने किसी स्पष्ट गेम की पुष्टि नहीं की है, लेकिन डिजिटल एडिक्शन बड़ा कारण माना जा रहा है।

पारिवारिक उलझनें और पिता के बयान

जांच में पिता चेतन कुमार की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई। उन्होंने तीन शादियां की थीं, जिनमें दो सगी बहनें (सालियां) थीं। पहली पत्नी से निशिका के जन्म के बाद ही उन्होंने साली हिना से शादी कर ली। चेतन के बयानों में कई बार फंसे। उन्होंने दावा किया कि संतान न होने पर दूसरी शादी की, लेकिन हकीकत अलग थी। 2018 में एक और साली आंचल की उसी फ्लैट से गिरकर मौत हुई थी, जिसे संदिग्ध माना गया था। चेतन पर 20-25 लाख रुपये का कर्ज था, जिससे घर में हमेशा तनाव रहता था। परिवार का माहौल अशांत था और बच्चियां भावनात्मक रूप से टूटी हुई थीं।

रिपोर्ट में सबसे बड़ा खुलासा

तीनों बहनें 3 साल से स्कूल नहीं जा रही थीं। मोबाइल और कोरियन कल्चर-गेम्स की लत बहुत गहरी थी। घर का माहौल विवादित और तनावपूर्ण था। पिता ने मोबाइल छीना, जिससे वे आहत हुईं। सुसाइड नोट में गेम्स और कल्चर छोड़ न पाने की बात। घटनास्थल अंदर से बंद था, कोई बाहरी संलिप्तता नहीं। पिता ने कोरियन कल्चर को मुख्य दोष दिया। 2018 की संदिग्ध मौत और कर्ज का जिक्र।

पुलिस कर रही जांच

घटना के बाद परिवार ने फ्लैट खाली कर दिया और सोसाइटी में ही दूसरे फ्लैट में शिफ्ट हो गया। वे किसी से बात नहीं कर रहे। सोसाइटी में दहशत का माहौल है। डीसीपी ने कहा कि फिलहाल इसे आत्महत्या माना जा रहा है। मोबाइल की फॉरेंसिक जांच और सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग रिपोर्ट का इंतजार है। अगर कोई नया तथ्य या कुछ संदिग्ध मिला तो केस दोबारा खोला जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *