कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोलीं-मोदी जब से आए मनरेगा पर कुदृष्टि पड़ी:केंद्र सरकार को बताया मजदूर विरोधी, कहा- अब ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा मिलेगा

सीकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 20 साल पहले बने मनरेगा कानून को कमजोर कर अब उसे लगभग खत्म करने का काम किया जा रहा है, जबकि यही योजना गांव के गरीबों को रोज़गार देकर चूल्हा जलाने का सहारा देती थी। गठाला ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में आने के बाद से ही मनरेगा पर कुदृष्टि रही है और नाम बदलकर उसके मूल उद्देश्य को ही समाप्त किया जा रहा है। मोदी ने अपने संसदीय भाषण में भी कहा था कि मनरेगा में बड़ी कमियां है,इसको ठीक किया जाए। कांग्रेस नेता अंबेडकर पार्क पर करेंगे एक दिवसीय उपवास मनरेगा को लेकर कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम की शुरुआत की है। इसके तहत रविवार को सीकर में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और नेता अंबेडकर पार्क पर एक दिवसीय उपवास करेंगे। जिसको लेकर सीकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी है। मोदी ने सोच-समझकर ‘जी रामजी’ किया मनरेगा का नाम सीकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने कहा कि मोदी ने बड़े सोच-समझकर इसका जी रामजी नाम किया। नाम परिवर्तन के साथ ही इस कानून का जो उद्देश्य था मजदूर को रोजगार देना, उसे खत्म किया है। अब नया कानून केंद्र सरकार पर आधारित है। पहले ग्राम पंचायत गांव का प्लान बनाकर काम किया करती थी। लेकिन अब केंद्र से काम पास होकर आएंगे और फिर ठेकेदारी प्रथा बढ़ जाएगी। केंद्र सरकार मजदूर विरोधी केंद्र सरकार ने इसमें 60:40 का अनुपात किया है। पहले 100% मजदूरी का पैसा केंद्र सरकार ही देती थी। लेकिन अब केवल 60% ही केंद्र सरकार देगी और बाकी 40% राज्य सरकार को देना होगा। हर राज्य की ऐसी स्थिति नहीं कि वह 40 % मजदूरी का पैसा दे। ऐसे में उस राज्य में विकास रुक जाएगा। केंद्र सरकार मजदूर विरोधी है। इस दौरान कांग्रेस जिला प्रभारी विशाल जांगिड़,सीकर विधायक राजेंद्र पारीक,धोद कांग्रेस प्रत्याशी जगदीश दानोदिया, निवर्तमान सभापति जीवण खां, संगठन महासचिव पुरुषोत्तम शर्मा, निवर्तमान उपसभापति अशोक चौधरी,ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सैनी, सेवादल जिलाध्यक्ष रविकांत तिवाड़ी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजू गोदारा,NSUI जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश नागा,ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष नरेश सैनी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *