उन्नाव में महाशिवरात्रि की धूम, कांवड़ियों का लोधेश्वर धाम प्रस्थान:गंगाजल लेकर बाराबंकी के लिए निकले शिवभक्त, घाटों पर उमड़ी भीड़

उन्नाव में महाशिवरात्रि की धूम, कांवड़ियों का लोधेश्वर धाम प्रस्थान:गंगाजल लेकर बाराबंकी के लिए निकले शिवभक्त, घाटों पर उमड़ी भीड़

उन्नाव में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर आस्था और उत्साह का माहौल है। 15 फरवरी को पड़ने वाली महाशिवरात्रि के मद्देनजर नगर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से आए शिवभक्त गंगाजल भरकर बाराबंकी स्थित लोधेश्वर धाम के लिए रवाना हो रहे हैं। शनिवार को गंगातट ‘हर हर महादेव’ और ‘बम बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा।सुबह से ही श्रद्धालु आनंद घाट और पुराने यातायात पुल के नीचे स्थित घाटों पर पहुंचने लगे थे। कांवड़ियों ने गंगा में स्नान कर विधि-विधान से जल भरा और फिर कंधे पर कांवर रखकर पैदल यात्रा पर निकल पड़े। कई श्रद्धालु बाइक और कार से पहुंचे, जबकि बड़ी संख्या में शिवभक्त पैदल ही यात्रा पर रवाना हुए।उन्नाव के अलावा कानपुर देहात, कन्नौज और आसपास के जिलों से भी भक्त यहां पहुंचे। इन सभी ने उन्नाव से गंगाजल लेकर लोधेश्वर धाम के लिए प्रस्थान किया। बनी क्षेत्र से राकेश, शिवराज, दिनेश, सनी, लकी समेत दो दर्जन से अधिक शिवभक्तों का एक जत्था सामूहिक रूप से रवाना हुआ।सभी श्रद्धालु भगवा वस्त्र धारण किए ‘हर हर बम बम’ के जयकारों के साथ आगे बढ़ते दिखाई दिए। रास्ते में स्थानीय लोगों ने भी कांवड़ियों का स्वागत किया और उनके लिए जलपान की व्यवस्था की।
जाजमऊ स्थित चंदन घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां से बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल भरकर लोधेश्वर धाम के लिए निकले।पूरे दिन घाटों पर मेले जैसा दृश्य बना रहा और शिवभक्तों की आवाजाही से वातावरण भक्तिमय हो गया। महाशिवरात्रि को लेकर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में साफ-सफाई और सजावट का कार्य भी जोरों पर है। मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया जा रहा है। प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *