अमृतसर के जंडियाला गुरु के नजदीक गांव देवीदासपुरा के रहने वाले युवक सिमरनजीत सिंह संधू का शुक्रवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसकी करीब 1 महीने पहले कनाडा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। युवक का शव झाड़ियों से बरामद हुआ। इसके बाद गुरुवार को ही युवक का शव पंजाब लाया गया था। परिजन का आरोप है कि इसके साथ रहने वाले लोगों ने ही इसकी हत्या की है। युवक करीब 2 महीने पहले ही 2 युवकों और एक युवती के साथ नए घर में शिफ्ट हुआ था। उसके पास 10 लाख रुपए थे, जो उसने लास्ट टाइम हुई वीडियो कॉल पर दिखाए भी थे। उन्हीं रुपयों के लिए युवक की हत्या की गई है। स्थानीय पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। स्टडी वीजा पर कनाडा गया था युवक
मृतक के पिता सुखदेव सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे सिमरनजीत सिंह (24) को बेहतर भविष्य के लिए विदेश भेजा था। सिमरनजीत साल 2023 में स्टडी वीजा पर कनाडा गया था, ताकि वहां पढ़ाई कर अपने भविष्य को संवार सके और परिवार का नाम रोशन कर सके। उन्होंने बताया कि सिमरनजीत कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया राज्य में शहर कमलूप्स शहर में रह रहा था। यहां वह करीब 2 महीने पहले ही अपने दोस्तों के शिफ्ट हुआ। उसे कनाडा का वर्क परमिट मिल चुका था। साथ ही उसे अमेरिका का भी 10 साल का वीजा मिला था। 12 जनवरी को गोली मारकर हत्या की गई परिजन बताते हैं कि उन्हें 14 जनवरी 2026 को कनाडा पुलिस की ओर से सूचना दी गई कि 12 जनवरी को सिमनरजीत सिंह की हत्या हो गई है। उसकी लाश सुनसान रास्ते पर झाड़ियों में पड़ी थी। इस सूचना के बाद घर में मातम छा गया। स्थानीय पुलिस ने परिजन को आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या किसने और किस कारण से की? आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। गांव में मातम, नम आंखों से अंतिम विदाई गुरुवार को जब युवक का शव गांव देवीदासपुरा पहुंचा तो माता-पिता और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता ने नम आंखों से बताया कि उन्होंने अपने बेटे के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी सारी जमीन तक बेच दी थी। उम्मीद थी कि बेटा पढ़-लिखकर परिवार का सहारा बनेगा। पिता की इंसाफ की गुहार मृतक के पिता ने कनाडा सरकार और भारत सरकार से इंसाफ की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि उनके बेटे के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। साथ ही उन्होंने यह भी अपील की कि उनके बेटे के बनते पैसे और उसका जरूरी सामान मोबाइल व लैपटॉप परिवार को सौंपा जाए।
अमृतसर के युवक की कनाडा में गोली मारकर हत्या:झाड़ियों में मिली लाश, 2 महीने पहले युवक-युवती के साथ नए घर में शिफ्ट हुआ था


